समाचार विवरण
सिंगरौली में राखड़ लोडेड बल्कर में लगी आग:कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर खाक, चालक और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान
सिंगरौली SingrauliNews.Com

सिंगरौली में राखड़ लोडेड बल्कर में लगी आग:कुछ ही देर में पूरा वाहन जलकर खाक, चालक और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

📍 सिंगरौली   |   🕒 19 Oct 2026 04:00 AM

सिंगरौली से सतना जा रहे राखड़ भरे बल्कर (टैंकर) में रविवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक और क्लीनर ने कूदकर जैसे-तैसे अपनी जान बचाई। देखते ही देखते पूरा बल्कर आग का गोला बन गया और जलकर पूरी तरह राख हो गया। यह हादसा रविवार शाम करीब 4 बजे चितरंगी थाना इलाके में हुआ।

बल्कर चालक राकेश गुप्ता ने बताया कि वह गाड़ी में राखड़ लादकर सिंगरौली से सतना की तरफ जा रहा था। देवसर से आगे निकलते ही अचानक इंजन की तरफ से आग की लपटें और धुआं उठने लगा। जब तक वह कुछ समझ पाता, तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी।

खतरा महसूस होते ही चालक ने समझदारी दिखाते हुए बल्कर को बस्ती से आगे एक खाली जगह पर खड़ा किया। इसके बाद चालक और खलासी तुरंत नीचे कूद गए। दोनों के बाहर निकलते ही आग ने पूरे बल्कर को घेर लिया और थोड़ी ही देर में गाड़ी पूरी तरह खाक हो गई।

चालक राकेश गुप्ता ने बताया कि उसके पास स्थानीय पुलिस या फायर ब्रिगेड का कोई फोन नंबर नहीं था। इस वजह से वह मौके से किसी को तुरंत सूचना नहीं दे पाया। हादसे के बाद वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा।

फिलहाल आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। अंदेशा जताया जा रहा है कि इंजन में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी के चलते यह हादसा हुआ। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि लाखों का बल्कर पूरी तरह जलकर खाक हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।