समाचार विवरण
13 साल से सड़क नहीं बनी, सरपंच पति दंडवत लेटे:कलेक्ट्रेट गेट पर विरोध, अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया
Singrauli News

13 साल से सड़क नहीं बनी, सरपंच पति दंडवत लेटे:कलेक्ट्रेट गेट पर विरोध, अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया

📍 सिंगरौली   |   🕒 08 Jul 2026 09:23 AM

सिंगरौली जिले के ग्राम काम महेला, ओंकवालाडांड़, पोस्ट निवारा के ग्रामीणों की सड़क की मांग मंगलवार को उस समय सुर्खियों में आई, जब सुनवाई न होने से नाराज सरपंच पति संजय कुमार वर्मा कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर दंडवत लेट गए। उनके इस विरोध-प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे, उन्होंने ज्ञापन लिया और मामले में आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि गांव को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क एवं तिलैया मार्ग से जोड़ने वाली संपर्क सड़क का निर्माण लगभग 13 वर्ष पहले स्वीकृत हुआ था। हालांकि, यह निर्माण कार्य आज तक शुरू नहीं हो सका है।

बरसात के मौसम में यह पूरा रास्ता कीचड़ से भर जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, मरीजों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष मांग रखने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

ज्ञापन में मांग की गई है कि सड़क निर्माण तत्काल शुरू कराया जाए, निर्माण की समय-सीमा सार्वजनिक की जाए और कार्य पूरा होने तक ग्रामीणों के आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी न होने पर वे चरणबद्ध आंदोलन करेंगे।

सरपंच सुमित्रा देवी वर्मा ने कहा, "हम वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिला। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए मजबूरी में विरोध-प्रदर्शन करना पड़ा। हमारी मांग है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू कराया जाए।" सरपंच पति संजय कुमार वर्मा ने बताया, "बार-बार आवेदन देने के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, इसलिए दंडवत लेटकर विरोध करना पड़ा। हमारा उद्देश्य केवल गांव की सड़क बनवाना है।"

फिलहाल, प्रशासन ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले में नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिया है।