सिंगरौली जिले के शासन चौकी क्षेत्र से 17 वर्षीय एक नाबालिग लड़की 7 जुलाई से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी किशोरी का कोई सुराग नहीं मिलने से परिजन काफी चिंतित हैं। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के बाद परिजनों ने शासन चौकी में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
बिना मोबाइल के लोकेशन तलाशना बनी सबसे बड़ी चुनौती
लापता किशोरी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करती थी, जिसके चलते पुलिस को उसकी डिजिटल ट्रैकिंग या साइबर लोकेशन ट्रेस करने में भारी परेशानी आ रही है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं, जिससे परिवार में काफी आक्रोश और चिंता है।
एसपी बोले- सभी पहलुओं पर जांच जारी
मामले पर सिंगरौली एसपी सियाज के.एम. ने बताया कि पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन पुलिस सभी उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जल्द से जल्द नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब करने के प्रयास में जुटी है